तताँरा वामीरो कथा के अन्य या अतिरिक्त प्रश्न उत्तर, extra questions

तताँरा वामीरो कथा के अन्य या अतिरिक्त प्रश्न उत्तर, extra questions

1- तताँरा की पोशाक कैसी थी और वह क्या बाँधकर रहता था? 

उत्तर- तताँरा की पोशाक परंपरागत थी। साथ ही वह अपनी कमर में एक लकड़ी की तलवार बाँधे रखता था।

2- तताँरा की तलवार के बारे में लोगों का क्या मानना था? वह तलवार लोगों के लिए रहस्य का विषय क्यों थी?

उत्तर – तताँरा की तलवार के बारे में लोगों का मानना था कि वह विलक्षण थी। उसमें दैवीय शक्ति थी। वह उस तलवार का कभी किसी दूसरे के सामने उपयोग नहीं करता था। किंतु उसके साहसिक कारनामे बहुत अधिक चर्चित थे। इसलिए वह तलवार सबके लिए रहस्य बन गई थी

3- वामीरो कौन-सा गीत गा रही थी, वह अपना गीत क्यों भूल गई ?

उत्तर- वामीरो प्रेम-गीत गा रही थी। अचानक समुद्र की एक लहर ने उसे पूरी तरह भिगो दिया। वह हड़बड़ा उठी और गीत गाना भूल गई

4- तताँरा किस प्रकार सम्मोहित हो गया था?

उत्तर- तताँरा ने समुद्र के तट पर अचानक वामीरो की मधुर आवाज़ को सुना तो सम्मोहित हो गया। वह अपलक उसे गाते हुए निहारने लगा।

5- युवती ने तताँरा को बेरुखी के साथ क्या जवाब दिया? तताँरा को कैसा लगा?

उत्तर- युवती ने तताँरा को बेरुखी के साथ कहा- तुम मुझे इस तरह क्यों घूर रहे हो? क्या तुम्हें नहीं मालूम कि किसी दूसरे गाँव के युवक के साथ संबंध रखना हमारे लिए मना है? तताँरा यह सुनकर भी सम्मोहित- -सा उसका नाम पूछने लगा। जब तताँरा के जवाब को सुनकर वामीरो नाराज़ हो गई तो वह उससे माफ़ी माँगने लगा।

6- वामीरो अन्य गाँवों के युवकों को उत्तर देना उचित क्यों नहीं मानती?

उत्तर- वामीरो अन्य गाँवों के युवकों को इसलिए उत्तर देना नहीं चाहती क्योंकि वह गाँव की परंपरा और नियमों से बँधी हुई है। उसके गाँव में नियम है कि कोई कन्या अन्य किसी गाँव के लड़के से संबंध नहीं रख सकती।

7- वामीरो तताँरा पर मुग्ध किसलिए हुई?

उत्तर- वामीरो तताँरा पर निम्नलिखित कारणों से मुग्ध हुई-

• वह सुंदर और प्रियदर्शन युवक था ।
• वह उसका सच्चा प्रेमी था। उसकी याचना में सच्ची विनय थी और तड़प थी। वह उस पर मुग्ध था।
• वह लोकप्रिय साहसी युवक होते हुए भी उसके सामने भोला, शांत और सभ्य बना हुआ था।

8- गाँव तथा परिवार वाले तताँरा और वामीरो के रिश्ते (संबंध ) के विरुद्ध क्यों थे?

उत्तर- गाँव तथा परिवार वाले गाँव की परंपरा को मानने वाले थे। उनके गाँव की परंपरा यह थी कि विवाह-संबंध के ही युवक-युवतियों से हो सकते थे। तताँरा और वामीरो अलग-अलग गाँव के थे। इसलिए गाँव वाले तथा परिवार वाले इस रिश्ते के विरुद्ध थे।

9- मना करने के बाद भी वामीरो तताँरा से मिलने क्यों गई?

उत्तर-वामीरो तताँरा के प्रेम में पूरी डूबकर अवश हो चुकी थी। उसका अपने पर वश नहीं रहा था। इसलिए गाँव वासियों के मना करने पर भी वह तताँरा से मिलने चली गई।

10- वामीरो और तताँरा परस्पर मिलने पर निःशब्द क्यों रह गए?

उत्तर- वामीरो और तताँरा का प्रेम बहुत गहरा था, इसलिए अकथनीय थाउनके पास कोई ऐसा शब्द नहीं था जिससे वे अपने मन के भावों को प्रकट कर पाते। अतः वे मन की तरंगों को अपने भीतर आने-जाने की इज़ाजत देते रहे। उनके दिलों ने ही एक-दूसरे को प्रेम की सच्चाई का विश्वास दिलाया।

11- पशु-पर्व में तताँरा का मन कार्यक्रमों में क्यों नहीं लगा?

उत्तर- तताँरा के गाँव पासा में पशु-पर्व का आयोजन हुआ। उसमें खेल – कूद, वीरता -प्रदर्शन, नृत्य, संगीत और भोजन के विविध कार्यक्रम हो रहे थे। परंतु तताँरा का मन वामीरो के प्रेम में पागल था। उसे बस वामीरो को देखने और पाने की ललक थीइसलिए उसका मन इन कार्यक्रमों में नहीं लगा।

12- तताँरा को किसने अपमानित किया और क्यों?

उत्तर- तताँरा को वामीरो की माँ ने अपमानित किया। वह किसी अन्य जाति के युवक को अपनी बेटी के साथ देखकर बहुत क्रोध में आ गई। उसकी जाति में किसी अन्य जाति के युवक के साथ बेटी का विवाह करना निषिद्ध था। इसलिए उसने क्रोध में आकर तताँरा का बहुत अपमान किया।

13- तताँरा ने अपमान क्यों अनुभव किया?

उत्तर- तताँरा ने जानबूझकर किसी का दिल नहीं दुखाया था। उसने बस वामीरो से प्रेम किया था। यह इतनी बड़ी गलती नहीं थी कि वामीरो की माँ उसे बुरा-भला कहती । तताँरा को गाँव वालों का विरोध भी उचित नहीं लगा। इस कारण उसने अपना अपमान अनुभव किया और क्रोध में आ गया।

14- तताँरा ने अपनी विलक्षण तलवार से धरती क्यों पाट डाली?

उत्तर- तताँरा ने अपनी विलक्षण तलवार से निकोबार की धरती पाट डाली। उसने अपने अकारण अपमान के प्रति क्रोध प्रकट करने के लिए तथा गाँववासियों को सच्चे प्रेम का महत्त्व समझाने के लिए ऐसा किया। उसने मानो उन्हें चेतावनी दी कि यदि तुमने सच्चे प्रेमियों को मिलने न दिया तो यह सारी धरती और मानवता बँट जाएगी

15- तताँरा और वामीरो की मृत्यु कैसे हुई?

उत्तर- तताँरा धरती को काटकर उस हिस्से में रह गया जो समुद्र में धँस गया था। पानी की लहरें न जाने उसे कहाँ बहा ले गईं। वामीरो तताँरा को खोजते खोजते उसी जगह आ बैठती थी जहाँ से तताँरा अलग हुआ था। उसने खाना-पीना छोड़ दिया और परिवार से अलग हो गई। तताँरा की प्रतीक्षा में एक दिन वह भी चल बसी। इस प्रकार दोनों एक-दूसरे से मिलने के लिए चल बसे।

16- कार-निकोबार के टुकड़े होने पर क्या सुखद परिवर्तन आया?

उत्तर- कार-निकोबार के टुकड़े होने पर सबसे सुखद परिवर्तन यह हुआ कि अब निकोबार-वासी अन्य गाँवों में भी विवाह-संबंध करने लगे। उनकी संकीर्णता टूटी, जड़ता समाप्त हुई।

17- निस्वार्थ भाव से किया गया त्याग समाज में परंपराओं को परिवर्तित कर देता है। ‘तताँरा-वामीरो’ के आधार पर अपने विचार प्रस्तुत कीजिए।

उत्तर- तताँरा और वामीरो का प्रेम स्वाभाविक था, निस्वार्थ था। उस प्यार के लिए तताँरा और वामीरो ने अपनी-अपनी जान गँवा दी। परिणाम यह हुआ कि लोगों के दिल बदले। उनमें जागृति आई। वे गाँव की पुरानी परंपरा को तोड़कर दूसरे गाँवों में भी शादी करने लगे। 

18- वामीरो कैसे जीवन साथी की कल्पना करती थी? उसकी यह कल्पना क्यों साकार नहीं हो पाती ?

उत्तर- वामीरो किसी सुंदर, बलिष्ठ, शालीन, सभ्य और भोले युवक को जीवन-साथी बनाना चाहती थी। तताँरा ऐसा ही युवक था। परंतु गाँव वालों के विरोध के कारण वह तताँरा से विवाह न कर सकी।

19- तताँरा-वामीरो की कथा स्थानीय समाज में किन कारणों से प्रसिद्ध हो गई?

उत्तर- तताँरा-वामीरो की कथा स्थानीय समाज में इसलिए प्रसिद्ध हो गई क्योंकि उनकी प्रेमकथा ने अपने समाज की रुढ़ि को तोड़ दिया था। उनके सच्चे प्रेम के कारण अंडमान निकोबार के लोगों को सोचना पड़ा कि विवाह संबंध आपसी प्रेम के आधार पर होने चाहिए, न कि सामाजिक बंधनों के आधार पर।

20- आज भी तताँरा-वामीरो की प्रेमकथा घर-घर में सुनाई जाती है, क्यों?

उत्तर- तताँरा-वामीरो की प्रेमकथा ने सबको यह सीख दी कि विवाह संबंध आपसी प्रेम के आधार पर होने चाहिए, सामाजिक रुढ़ियों के आधार पर नहीं। यह एक महत्त्वपूर्ण संदेश है जिसे याद कराने के लिए यह प्रेमकथा आज भी घर-घर में सुनाई जाती है।

Related Posts

error: Content is protected !!