उत्साह और अट नहीं रही है का भावार्थ व व्याख्या, प्रश्नोत्तर,अन्य प्रश्न कक्षा 10

उत्साह और अट नहीं रही है का भावार्थ, प्रश्न और उत्तर,अन्य प्रश्न कक्षा 10

इस पोस्ट में हम उत्साह और अट नहीं रही है पाठ संबंधी निम्नलिखित विंदुओं पर चर्चा करेंगे। उत्साह कविता का सारांश, उत्साह कविता का भावार्थ व व्याख्या, उत्साह कविता के प्रश्न उत्तर, उत्साह कविता के अन्य महत्त्वपूर्ण प्रश्न, अट नहीं रही है कविता का सारांश, अट नहीं रही है कविता का भावार्थ व व्याख्या, अट नहीं रही है का प्रश्न उत्तर, अट नहीं रही है कविता के अन्य महत्त्वपूर्ण प्रश्न, 

उत्साह कविता का सार या सारांश

उत्साह एक आवाह्नपरक कविता है। उत्साह कविता के कवि सूर्यकांत त्रिपाठी निराला हैं। कवि ने बादल को उत्साह का प्रतीक मानते हुए इस कविता की सर्जना की है। कवि ने यह कविता युवावर्ग को समर्पित किया है क्योंकि युवा ही देश का भविष्य होता है।जिस प्रकार से बादल में पूरे मौसम को परिवर्तित कर देने की शक्ति होती है उसी प्रकार से युवावर्ग में देश की दशा और दिशा बदल देने की शक्ति विद्यमान होती है। कवि कहता है कि हे युवावर्ग बादल के समान गर्जना करते हुए तुम समाज में क्रांति की लहर व्याप्त करा दो जिससे पुरानी रूढ़ियाँ और परम्पराएँ दूर हो जाएँ। युवावर्ग को कवि ने क्रांति और परिवर्तन का प्रतीक माना है।

उत्साह कविता का भावार्थ व व्याख्या

बादल, गरजो!
घेर घेर घोर गगन, धाराधर ओ!
ललित ललित, काले घुँघराले,
बाल कल्पना। के-से पाले,
विद्युत छवि उर में, कवि, नवजीवन वाले
वज्र छिपा नूतन कविता
फिर भर दो-
बादल गरजो!

उत्साह कविता का संदर्भ- प्रस्तुत पद्यांश हिंदी की पाठ्य पुस्तक क्षितिज भाग दो के उत्साह नामक कविता से लिया गया है। जिसके कवि सूर्यकांत त्रिपाठी निराला हैं।

उत्साह का प्रसंग यहाँ कवि निराला ने बादल को संबोधित किया है। बादल का आहवान करते हुए कवि ने कहा है की  –
उत्साह का भावार्थ व व्याख्या उत्साह कविता में कवि कहता है की हे बादल! तुम गरजना करते हुए आओ। तुम उमड़-घुमड़ कर ऊँची आवाज करते हुए संपूर्ण आकाश को घेरते हुए छा जाओ। अरे बादल! तुम सुन्दर, सुन्दर और घुमावदार काले रंग वाले हो और तुम बच्चों की विचित्र कल्पनाओं की पतवारों तथा पालों के समान लगते हो। हे नवजीवन प्रदान करने वाले बादल रूपी कवि! तुम्हारे हृदय में बिजली की कांति और वज्र के समान कठोर गर्जना छिपी हुई है। तुम अपनी बिजली की चमक और भीषण गर्जना से जनमानस में एक नई चेतना का संचार कर दो। कवि बादल के गर्जने का आह्वान करता है।
विकल विकल, उन्मन थे उन्मन 
विश्व के निदाघ के सकल जन, 
आए अज्ञात दिशा से अनंत के घन!
तप्त धरा, जल से फिर 
शीतल कर दो- 
बादल, गरजो!
उत्साह का प्रसंग यहाँ कवि ने बादल को नयी कल्पना और नये अंकुर के लिए विनाश, विप्लव और क्रांति चेतना को संभव करने वाला बताया है। निराला जी का कहना है कि-
उत्साह का भावार्थ व व्याख्या उत्साह कविता में कवि कहता है की संसार के सभी लोग गर्मी के कारण व्याकुल और अनमने हो रहे थे। संसार के संपूर्ण मानव-समुदाय में बदलाव के परिणामस्वरूप व्याकुलता और अनमनी परिस्थितियों का वातावरण बना हुआ था। साहित्य के द्वारा ही समाज में चेतना का भाव आने का भरोसा बना है। हे कभी न समाप्त होने बादल! तुम्हारा अनजान दिशा से आगमन हुआ है। यह धरती गर्मी से तप रही है. तुम जल बरसाकर इसे शीतल कर दो. साहित्यकार अपनी रचनाओं के माध्यम से लोगों को इस प्रकार प्रेरित करें कि संसार में विचारों के मतभेदों से होने वाली क्रांतियों का वातावरण शांत हो जाए। हे बादल! तुम घोर गर्जन करते हुए आकाश मण्डल में छा जाओ।

अट नहीं रही है का सार या सारांश

अट नहीं रही है कविता के कवि सूर्यकांत त्रिपाठी निराला है। इस कविता में कवि ने फाल्गुन महीने के सौंदर्य का बड़ा ही मनोहारी चित्रण किया है। फाल्गुन महीने में प्राकृतिक सौंदर्य जड़-चेतन में समाहित हो जाता है। कवि कहता है कि फाल्गुन महीने में प्राकृतिक सौंदर्य इतना ज़्यादा फैल गया है कि वह सृष्टि में नहीं अट नहीं रहा है। इसीलिए कवि ने इस कविता का शीर्षक अट नहीं रही है रखा है।

अट नहीं रही है का भावार्थ व व्याख्या

अट नहीं रही है
आभा फागुन की तन
सट नहीं रही है।
कहीं साँस लेते हो,
घर-घर भर देते हो,
उड़ने को नभ में तुम
पर-पर कर देते हो,
आँख हटाता हूँ तो
हट नहीं रही है।
पत्तों से लदी डाल
कहीं हरी, कहीं लाल,
कहीं पड़ी है उर में
मंद-गंध-पुष्प-माल,
पाट-पाट शोभा-श्री
पट नहीं रही है।

अट नहीं रही है कविता का संदर्भ- प्रस्तुत पद्यांश हिंदी की पाठ्य पुस्तक क्षितिज भाग 2 के अट नहीं रही है नामक कविता से लिया गया है। जिसके कवि सूर्यकांत त्रिपाठी निराला है।

अट नहीं रही है का प्रसंग अट नहीं रही है कविता में कवि ने फागुन की मादकता को प्रकट करते हुए फागुन की सर्वव्यापक सुंदरता का सजीव चित्रण किया है।

अट नहीं रही है का भावार्थ व व्याख्या अट नहीं रही है कविता में कवि कहता है कि फागुन के महीने की कांति कहीं भी समा नहीं रही है। फागुन में प्राकृतिक उपमानों का सौंदर्य इतना अनुपम और मनोहारी हो गया है कि वह पूरी तरह से शरीर के अन्दर नहीं समा पा रहा है। सर्वत्र सुंदर एवं हृदयग्राही नज़ारे बिखरे हुए हैं, वे सभी एक साथ मन में नहीं बसाए जा सकते हैं।

अट नहीं रही है कविता में कवि निराला फागुन को संबोधित करते हुए कहते हैं कि हे फागुन! जहाँ कहीं भी साँसे ली जाती है वहीं से सुगंध आती है। फागुन ने ही सुगंध से परिपूर्ण आकाश में उड़ने के लिए सभी को पंख लगा दिए हैं। फागुन के महीने में सभी प्राणियों पर मस्ती का वातावरण छा जाता है और प्रसन्नता के कारण स्वयं को हल्का अनुभव करते हैं। चारों तरफ इतना अधिक सौंदर्य फैल गया है यदि मैं उससे अपनी आँखों को हटाना चाहता हूँ तो भी इतना विवश हूँ कि चाहते हुए भी मैं अपनी आँखें नहीं हटा पा रहा हूँ।

अट नहीं रही है कविता में कवि कहता है कि फागुन के महीने में चारों तरफ हरियाली छाई हुई है। पेड़ों की डालियाँ हरे और किसलयी लाल रंग की पत्तियों से आच्छादित हैं। कहीं पेड़-पौधों की छाती पर मंद-सुगंध से महकते फूलों की मालाएँ सुशोभित हो रही है। पेड़-पौधे खिले हुए सुगंधित फूलों से लद जाते हैं। प्रकृति का एक-एक अंग सौंदर्य से परिपूर्ण है और वह सुंदरता इतनी अधिक है कि उन जगहों पर समा नहीं रही है।

उत्साह के प्रश्न उत्तर  

प्रश्न 1. कवि बादल से फुहार, रिमझिम या बरसने के स्थान पर गरजने ‘ के लिए कहता है, क्यों?

उत्तर– कवि बादल से फुहार, रिमझिम या बरसने, के स्थान पर ‘गरजने के लिए इसलिए कहता है क्योंकि कवि को बादल क्राति दूत के रूप में नजर आते हैं। समाज में क्रांति लाने के लिए विनम्रता की नहीं उग्रता की आवश्यकता होती है। बादल की उग्रता उसके गर्जन में छिपी होती है, जिससे लोग सजग हो जाते हैं।

प्रश्न 2 कविता का शीर्षक उत्साह क्यों रखा गया है?

उत्तर– कवि ने कविता का शीर्षक उत्साह इसलिए रखा है, क्योंकि कवि बादलों के माध्यम से क्रांति और बदलाव लाना चाहता है। वह बादलों से गरजने के लिए कहता है। एक ओर बादलों के गर्जन में उत्साह समाया है तो दूसरी ओर लोगों में उत्साह का संचार करके क्रांति के लिए तैयार करना है।

प्रश्न 3. उत्साह कविता में बादल किन-किन अर्थों की ओर संकेत करता है?

उत्तर– उत्साह कविता में बादल निम्नलिखित तीन अर्थों की ओर संकेत करते हैं
1-क्रांति के दूत और समाज में बदलाव लाने हेतु लोगों में उत्साह भरने वाले के रूप में।
2- लोगों के कष्ट और ताप हरकर शीतलता देने वाले के रूप में।
3- जल बरसाने वाली शक्ति विशेष के रूप में।

प्रश्न 4. शब्दों का ऐसा प्रयोग जिससे कविता के किसी खास भाव या दृश्य में ध्वन्यात्मक प्रभाव पैदा हो, नाद सौंदर्य कहलाता है। उत्साह कविता में ऐसे कौन-से शब्द है जिनमें नाद-सौंदर्य मौजूद हैं, छाँटकर लिखें।

उत्तर– ‘उत्साह’ कविता में नाद सौंदर्य वाले शब्द निम्नलिखित हैं
1-घेर घेर घोर गगन, धाराधर ओ!
2-विद्युत छवि उर में, कवि, नवजीवन वाले

अट नहीं रही है के प्रश्न उत्तर 

1- छायावाद की एक खास विशेषता है अंतर्मन के भावों का बाहर की दुनिया से सामंजस्य बिठाना। कविता की किन पंक्तियों को पढ़कर यह धारणा पुष्ट होती है? लिखिए।

उत्तर– छायावाद की एक खास विशेषता है अंतर्मन के भावों का बाहर की दुनिया से सामंजस्य बिठाना। कविता की निम्नलिखित पक्तियों को पढ़कर यह धारणा पुष्ट होती है कहीं सांस लेते हो.
कहीं सांस लेते हो
घर घर भर देते हो,
उड़ने को नभ में तुम
पर-पर कर देते हो।

2- कवि की आँख फागुन की सुंदरता से क्यों नहीं हट रही है?

उत्तरअट नहीं रही है कविता में फागुन के महीने में प्रकृति के सभी तत्वों पर एक विशेष प्रकार का सौंदर्य छा जाता है। जहाँ कहीं भी देखें वहाँ सुंदरता अनुपम रूप में सामने आती है। खेत-खलिहानों में, बाग-बगीचों में प्राकृतिक सौंदर्य अपने पूर्ण यौवन में नजर आता है और इस सौंदर्य को निर्बाध देखते रहने को मन करता है। इसी कारण कवि की आँख फागुन की सुंदरता से हट नहीं रही है।

3- प्रस्तुत कविता में कवि ने प्रकृति की व्यापकता का वर्णन किन रूपों में किया है?

उत्तर– फागुन के महीने में हर तरफ सौंदर्य और उल्लास दिखाई देता है। फागुन की सुंदरता सर्वव्यापक है। पेड़-पौधे लाल-लाल कॉपलों और हरे पत्तों से लदे हुए हैं फूलों की सुंगध से पूरा वातारण महक उठा है। प्रकृति की एक-एक जगह पर सौंदर्य भरा हुआ है।

प्रश्न 4, फागुन में ऐसा क्या होता है जो बाकी ऋतुओं से भिन्न होता है?

उत्तर– फागुन महीने में प्रकृति का सौंदर्य अपने चरम रुप में होता है, जो बाकी ऋतुओं से अलग होता है। ग्रीष्म ऋतु में पेड़-पौध मुरझाए से होते हैं। धरती पर एक व्याकुलता-सी व्याप्त रहती है। वर्षा ऋतु में फागुन जैसा सुहावना मौसम नहीं होता है। शिशिर-हेमंत में कड़ी सर्दी पड़ती है जिससे प्राणी अपने आवासों में दुबके नजर आते हैं। पेड़-पौधों की पत्तियाँ गिर जाने के कारण व सोंठ-से नजर आते हैं। इसके विपरीत वसंत ऋतु के फागुन महीने में सर्वत्र उल्लास छाया रहता है। मादक और उल्लासमय वातावरण में तन-मन प्रसन्न हो जाता है। वृक्ष नए पत्तों, कलियों, फूल और फलों से लद जाते हैं।

प्रश्न 5. इन कविताओं के आधार पर निराला के काव्य-शिल्प की विशेषताएँ लिखिए।

उत्तर– निराला के काव्य शिल्प की विशेषताएँ
भाव सौंदर्य : निराला के काव्य का प्रकृति चित्रण अनूठा है। उन्होंने प्रकृति को माध्यम बनाकर मन के भावों को अभिव्यक्त किया है। इसके अलावा शोषण के विरुद्ध स्वर मुखरित हुआ है।
शिल्प सौंदर्य : निराला जी का काव्य शिल्प की दृष्टि से उच्चकोटि का है। उन्होंने कविता को छंदों के बंधन से मुक्त किया। उनकी भाषा में गेयता है। उन्होंने सामान्यतया संस्कृतनिष्ठ शब्दों का प्रयोग किया है फिर भी उन्होंने अन्य भाषा के शब्दों से परहेज नहीं किया है। उनके काव्य में मानवीकरण अलंकार बहुलता से मिलते हैं: जैसे-कहीं साँस लेते हो, घर-घर भर देते हो।

उत्साह और अट नहीं रही है की रचना और अभिव्यक्ति

प्रश्न- होली के आस-पास प्रकृति में जो परिवर्तन दिखाई देते हैं, उन्हें लिखिए।

उत्तर– होली फागुन के महीने में आती है और फागुन में वातावरण मस्ती भरा होता है। होली प्रकृति की सहचरी है। बसन्त में जब प्रकृति के अंग-अंग में यौवन फूट पड़ता है तो होली का त्योहार उसका शृंगार करने आता है। यह शीत काल की समाप्ति और ग्रीष्म काल के आरंभ का संधिकाल होता है। खेती पक कर तैयार होने लगती है। प्रकृति सरसों के फूलों की पीली साड़ी पहनकर किसी की बाट जोहती हुई प्रतीत होती है। पेड़- पौधे विभिन्न प्रकार के पत्तों और रंग-बिरंगे फूलों से लद जाते हैं। परिणाम स्वरूप हर तरफ हर्षोल्लास का वातावरण छा जाता

उत्साह अट नहीं रही है के अन्य महत्त्वपूर्ण प्रश्न

1- उत्साह कविता के कवि कौन हैं?
उत्तर- उत्साह कविता के कवि सूर्यकांत त्रिपाठी निराला हैं।

2- उत्साह कविता को कवि ने किसे समर्पित किया है?
उत्तर- उत्साह कविता को कवि ने युवावर्ग को समर्पित किया है।

3- उत्साह कविता का उद्देश्य क्या है?
उत्तर- उत्साह कविता का उद्देश्य युवावर्ग में सकारात्मक परिवर्तन के लिए जोश व ओज की भावना का संचार करना है।

4- उत्साह कविता से क्या शिक्षा मिलती है?
उत्तर- उत्साह कविता से यह शिक्षा मिलती है कि हमें अपने जीवन में सदैव सजग रहना चाहिए। यदि कहीं किसी को बेवजह प्रताड़ित किया जा रहा है तो उसको सहयोग के लिए हमें आवाज उठानी चाहिए।

5- उत्साह कविता में बादल किसके प्रतीक हैं?
उत्तर- उत्साह कविता में बादल क्रांति व परिवर्तन के प्रतीक हैं।

6- उत्साह कैसी कविता है।
उत्तर- उत्साह आवाहनपरक प्रेरणात्मक कविता है।

7- कवि नूतन कविता किससे करने के लिए कहता है?
कवि युवावर्ग से नूतन कविता करने के लिए कहता है।

8- अट नहीं रही है कविता के कवि कौन हैं?
उत्तर- अट नहीं रही है कविता के कवि सूर्यकांत त्रिपाठी निराला हैं।

9- अट नहीं रही है कविता में कवि ने किस महीने के सौंदर्य का चित्रण किया है?
उत्तर- अट नही रही है कविता में कवि ने फाल्गुन महीने के सौंदर्य का चित्रण किया है।

10- अट नहीं रही है कविता का उद्देश्य क्या है?
उत्तर- अट नहीं रही है कविता का उद्देश्य प्राकृतिक सौंदर्य का संरक्षण है ।

11- कवि बादल से किसको शीतल कर देने के लिए कहता है?
उत्तर- कवि बादल से तप्त धरा को शीतल कर देने के लिए कहता है।

उत्साह और अट नहीं रही है के अभ्यास प्रश्न

प्रश्न– अट नहीं रही है कविता का सार अपने शब्दों में लिखिए।
प्रश्न– उत्साह कविता का उद्देश्य स्पष्ट शब्दों में लिखिए
प्रश्न– बादल आने से पूर्व प्राणियों की मनोदशा का चित्रण कीजिए
प्रश्न– कवि युवा कवियों से क्या आवाहन कर रहा है?
प्रश्न– कवि ने क्रांति लाने के लिए किसका आवाहन किया है? और क्यों ?
प्रश्न– कवि ने नवजीवन शब्द का प्रयोग बादलों के लिए भी किया है। अपने विचार दीजिए।

utsah class 10 line by line explanation, utsah class 10 extra questions, class 10 kshitij chapter 5, class 10 kshitij chapter 5 vyakhya, class 10 hindi kshitij chapter 5 summary, utsah, at nhi rhihai,

Related Posts

error: Content is protected !!